भारत के पहले स्विंग गेंदबाज कपिल देव की क्रिकेट लाइफ से जुड़ी रोचक बातें
दुनिया के महानतम ऑलराउंडरों में से एक कपिल देव का आज जन्मदिन है। 6 जनवरी 1959 को चंडीगढ़ में जन्मे कपिल देव आज 62 साल के हो गए हैं। इस दिग्गज़ खिलाडी की कप्तानी में भारत ने 1983 में वेस्टइंडीज को हराकर देश को पहला वर्ल्ड कप जीतने का गौरव दिलाया था। सबसे सफल ऑलराउंडर खिलाड़ी कपिल देव ने अपने 16 साल के क्रिकेट करियर में कुल 131 टेस्ट मैचों में 2.78 की इकोनॉमी से 434 विकेट लिए हैं। उन्होंने 131 टेस्ट मैचों में 31.05 की औसत से 5248 रन भी बनाए हैं। कपिल देव ने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर में गेंद और बल्ले दोनों से जबर्दस्त प्रदर्शन किया है। कपिल देव ने कुल 687 अन्तर्राष्ट्रीय विकेट लिए हैं, वहीं उन्होंने 9037 रन भी बनाए हैं।
कपिल देव के रूप में टीम इंडिया को पहला ऐसा स्विंग गेंदबाज मिला था जिसने विरोधी बल्लेबाजों के मन में ना केवल खौफ भरा बल्कि भारतीय तेज गेंदबाज़ी को विश्वस्तरीय पहचान दिलाई। कपिल देव विश्व के एकमात्र खिलाड़ी हैं जिन्होंने टेस्ट मैचों में 5000 से ज्यादा रन बनाए और 400 से ज्यादा विकेट लिए हैं। उनके बाद इस सूची में दक्षिण अफ्रीकी खिलाड़ी जैक कैलिस का नाम आता है।
पाकिस्तान के खिलाफ किया था पदार्पण
16 अक्टूबर, 1978 को पाकिस्तान के खिलाफ फैसलाबाद टेस्ट से कपिल देव ने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर का आगाज किया था। कपिल की पहली गेंद ही पाकिस्तानी सलामी बल्लेबाज माजिद खान के हेलमेट से टकराकर चार रन के लिए गई। जिसके बाद उनकी इस गेंद की ख़ासा चर्चा हुई थी। कपिल उस समय 145 किमी/घंटा की रफ्तार से गेंदबाजी किया करते थे। लगभग 5-6 सालों तक वो भारत के इकलौते स्ट्राइक गेंदबाज रहे। उन्हें लंबे स्पेल करने में महारत हासिल थी। फैसलाबाद टेस्ट में कपिल ने अपने टेस्ट करियर का पहला विकेट सादिक मोहम्मद के रूप में लिया, जिन्हें उन्होंने अपनी ट्रेडमार्क आउटस्विंग गेंद पर आउट किया था।
एक पारी में 9 विकेट झटकने का कारनामा
कपिल देव ने 16 नवंबर 1983 को अहमदाबाद टेस्ट मैच में वेस्टइंडीज के खिलाफ 30.3 ओवर में 83 रन देकर नौ बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा। कपिल ने यह कारनामा अहमदाबाद के मैदान पर किया था। इस पारी में वह सिर्फ कैरेबियाई सलामी बल्लेबाज डेसमंड हेंस का विकेट नहीं ले पाए, उनको भारत के दूसरे तेज गेंदबाज बलविंदर सिंह सिंधू ने आउट किया। इस मैच में कपिल ने अपनी स्विंग गेंदबाज़ी से सबको चौंका दिया था।
स्विंग गेंदबाज़ी से बिखेरीं सबकी गिल्लियां
टेस्ट मैचों में कपिल देव की शानदार स्विंग गेंदबाज़ी का जवाब किसी बल्लेबाज़ के पास नहीं था। बड़े से बड़े बल्लेबाजों के लिए कपिल देव एक गुत्थी बन चुके थे। इनस्विंग और ऑउटस्विंग का ऐसा शानदार मिश्रण भारतीय ख़ेमे की तरफ से इससे पहले देखने को नहीं मिलता था। साल 1985 में ऐडिलेड टेस्ट के दौरान कपिल देव की तेज़ रफ़्तार वाली शानदार बाउंसर गेंदे इस बात का प्रमाण थी कि विदेशी पिचों पर भी कपिल देव को खेलना मुश्किल था। इसके बाद कपिल देव ने अपनी रफ़्तार के साथ-साथ सटीक लाइन एवं लेंथ को पकड़कर रखा, जिसके चलते वे बल्लेबाजों को परेशान करने में ख़ासा सफल रहे।
वर्ल्ड कप का लम्हा रहा ऐतिहासिक
साल 1983 के वर्ल्ड कप में जिम्बाब्वे के खिलाफ कपिल देव ने 175 रनों की पारी खेली और टीम को जीत दिलाने में मुख्य भूमिका निभाई। उनकी इस पारी की विश्वभर में चर्चा हुई। अपनी 175 रनों की इस पारी के लिए मात्र 138 गेंदें खेली थीं।
जब भारत को बनाया विश्वविजेता
1983 वर्ल्ड कप फाइनल में भारत के सामने वेस्टइंडीज कड़ी चुनौती थी। उन दिनों क्रिकेट जगत में वेस्टइंडीज का कद काफी बड़ा था। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 183 रन बनाए थे, ऐसे में किसी को उम्मीद नहीं थी कि भारत वर्ल्ड कप जीत पाएगा। लक्ष्य का पीछा करते हुए विव रिचर्ड्स अच्छी बल्लेबाजी कर रहे थे और वेस्टइंडीज की ओर से शीर्ष स्कोरर भी रहे थे। रिचर्ड्स 33 रन पर खेल रहे थे और मदन लाल गेंदबाजी कर रहे थे। इस मैच में कपिल देव ने पीछे की ओर भागकर शानदार कैच लिया था। ये वो विकेट था, जिसने भारत और वर्ल्ड कप की दूरी बहुत कम कर दी थी। 1983 के वर्ल्ड कप के दौरान कुल 8 मैचों में उन्होंने 303 रन बनाए थे, और 12 विकेट भी लिये थे।
कभी रन आउट नहीं हुए कपिल
इतने सारे रिकॉर्डों के बीच कपिल देव के नाम एक और अनूठा रिकॉर्ड भी है। विकेटों के बीच सबसे तेज दौड़ लगाने वाले खिलाड़ियों में भी कपिल देव का नाम आता है। अपने पूरे टेस्ट करियर कपिल देव कभी रन आउट नहीं हुए। उन्होंने 184 पारियों में कभी रन आउट ना होने का रिकॉर्ड बनाया है।
कपिल के जीवन पर बन रही फिल्म
कपिल देव के जीवन पर एक फिल्म '83' भी इस साल रिलीज होने जा रही है। इस फिल्म में अभिनेता रणवीर सिंह, दीपिका पादुकोण, पंकज त्रिपाठी, और अन्य स्टार हैं। यह फिल्म भारत की पहली क्रिकेट विश्व कप जीत की कहानी है। इस फिल्म में रणवीर सिंह कपिल देव की भूमिका में है। वहीं, फिल्म के निर्देशक कबीर हैं।

Comments
Post a Comment